झारखंड पर्यटन इन्फ्लूंसर्स मीट-अप में गिरिडीह के निशांत गुप्ता का चयन, जिले में खुशी की लहर

झारखंड पर्यटन इन्फ्लूंसर्स मीट-अप में गिरिडीह के निशांत गुप्ता का चयन, जिले में खुशी की लहर

झारखंड टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन द्वारा पतरातू में आयोजित राज्य स्तरीय “झारखंड पर्यटन इन्फ्लूंसर्स मीट-अप” कार्यक्रम में गिरिडीह जिले के युवा इन्फ्लूंसर्स निशांत गुप्ता के चयन से जिले में हर्ष का माहौल है। राज्यभर से 10 हजार से अधिक युवाओं और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स ने इस कार्यक्रम के लिए आवेदन किया था, जिनमें से करीब 100 चयनित इन्फ्लूंसर्स को ही आमंत्रित किया गया। इनमें गिरिडीह जिले से निशांत गुप्ता का चयन होना जिले के लिए गौरव की बात मानी जा रही है।
निशांत “गिरिडीह अपडेट्स” नाम से इंस्टाग्राम पेज संचालित करते हैं, जिसे तीन लाख से अधिक लोग फॉलो करते हैं। वे लगातार गिरिडीह और झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति और पर्यटन स्थलों को अपने वीडियो और रील्स के माध्यम से लोगों तक पहुंचाते रहे हैं। इससे पूर्व भी उन्हें गिरिडीह समेत झारखंड की खूबसूरती और श्रावणी मेले से जुड़ी रील्स बनाने के लिए सम्मानित किया जा चुका है।
निशांत इससे पहले झारखंड टूरिज्म द्वारा आयोजित इको माइनिंग टूरिज्म और नेतरहाट में शुरू किए गए जंगल सफारी कार्यक्रम का भी हिस्सा रह चुके हैं। पतरातू में आयोजित इस कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार, पर्यटन एवं कला विभाग के सचिव मुकेश कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
कार्यक्रम के दौरान निशांत गुप्ता को मंच से सभी अतिथियों और इन्फ्लूंसर्स को संबोधित करने का अवसर भी मिला। इस दौरान उन्होंने पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार और झारखंड टूरिज्म के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि वे आगे भी अपने सोशल मीडिया कंटेंट और वीडियो के माध्यम से झारखंड और गिरिडीह की संस्कृति, प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया तक पहुंचाने का कार्य करते रहेंगे।

You may have missed