बुधुडीह में चिन्हित आंदोलनकारियों की बैठक, पेंशन लागू करने की मांग
बुधुडीह में चिन्हित आंदोलनकारियों की बैठक, पेंशन लागू करने की मांग।
गांडेय प्रखंड के बुधुडीह हटिया मैदान में रविवार को झारखंड चिन्हित आंदोलनकारियों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता झारखण्ड आंदोलनकारी सहयोगी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मुस्तफा अंसारी ने की, जबकि संचालन नारायण राणा ने किया। बैठक में प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे चिन्हित आंदोलनकारियों ने लंबित पेंशन योजना तथा अन्य समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। आंदोलनकारियों ने कहा कि लंबे समय से पेंशन योजना लागू नहीं होने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जल्द ही सभी आंदोलनकारी रांची पहुंचकर मुख्यमंत्री को आवेदन सौंपेंगे और अपनी मांगों से अवगत कराएंगे। उन्होंने ने कहा कि वे वर्षों से अपने अधिकार और पहचान के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर अपेक्षित पहल नहीं हुई है।
मौके पर रामचंद्र वर्मा, रवीन्द्र प्रसाद वर्मा, शिवाजी मुर्मू, कार्तिक मुर्मू, बालदेव कोल्ह, उदय महादेव सोरेन, हाजी मो जाकिर, अब्दुल गफ्फार, सुखलाल हांसदा, सनातन बास्के, मो ताहीर, सुखदेव हांसदा, कुंज बिहारी मंडल समेत कई चिन्हित आंदोलनकारी मौजूद थे।

