एसपी कपिल चौधरी का बड़ा एक्शन, 1200 हथियार लाइसेंस धारकों की जांच शुरू
एसपी कपिल चौधरी का बड़ा एक्शन, 1200 हथियार लाइसेंस धारकों की जांच शुरू
लाइसेंसी हथियार के साथ रील्स पर पलामू पुलिस सख्त, लाइसेंस रद्द करने की तैयारी
पलामू : शादी समारोहों में लाइसेंसी हथियारों से हर्ष फायरिंग और सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील्स बनाने के बढ़ते मामलों को लेकर पलामू पुलिस अब सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर जिलेभर में लाइसेंसधारी हथियार मालिकों की निगरानी बढ़ा दी गई है और उनके रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार पिछले 15 दिनों के भीतर जिले में हर्ष फायरिंग के दो मामले सामने आए हैं जिनमें लाइसेंसी हथियारों का इस्तेमाल हुआ। दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर संबंधित हथियारों के लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा की गई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि कई लोग सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील्स बनाकर उनका प्रदर्शन कर रहे हैं। भीड़ के साथ हथियार लहराने और दिखावा करने के मामले भी पुलिस के संज्ञान में आए हैं। इसे देखते हुए पुलिस ने जिले के करीब 1200 लाइसेंसधारी हथियार मालिकों की सूची तैयार की है। सभी थानों से इन लोगों के आचरण, गतिविधियों और आपराधिक पृष्ठभूमि की रिपोर्ट मांगी गई है। एसपी कपिल चौधरी ने स्पष्ट कहा कि हथियार केवल आत्मरक्षा के लिए दिए जाते हैं न कि दिखावा, डर फैलाने या सोशल मीडिया प्रदर्शन के लिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी लाइसेंसी हथियार का गलत इस्तेमाल पाया गया तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं आपराधिक छवि वाले लोग लाइसेंस लेकर हथियारों का दुरुपयोग तो नहीं कर रहे। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वालों के लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

