पांकी के डंडार निवासी जच्चा बच्चा की हुई मौत, परिजनों ने अस्पताल पर लगाया लापरवाही का आरोप
पांकी के डंडार निवासी जच्चा बच्चा की हुई मौत, परिजनों ने अस्पताल पर लगाया लापरवाही का आरोप
पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत डंडारकला गांव से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ प्रसव के दौरान एक 22 वर्षीय गर्भवती महिला और उसके नवजात शिशु की मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतका के परिजनों ने स्वास्थ्य कर्मियों पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
मृतका की पहचान पप्पू ठाकुर की पत्नी दुर्गा कुमारी (22 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, प्रसव पीड़ा होने पर प्रसव पीड़िता को सबसे पहले पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान महिला की स्थिति बिगड़ती रही, लेकिन इसके बावजूद समय पर न तो बेहतर इलाज दिया गया और न ही उसे समय रहते दूसरे अस्पताल के लिए रेफर किया गया।
स्थिति काफी गंभीर होने के बाद महिला को मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच (MMCH) भेजा गया। हालांकि, वहां पहुँचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद माँ और बच्चे दोनों को मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि यदि पांकी अस्पताल के कर्मियों ने समय पर निर्णय लिया होता और इलाज मिल गया होता, तो दोनों की जान बच सकती थी।
इस मामले पर संज्ञान लेते हुए सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने कहा की वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। मामले की जांच की जा रही है और यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

