कैंब्रिज पब्लिक स्कूल में सुधा एजुकेशनल ट्रस्ट की बैठक आयोजित, समाजसेवी राजू तिर्की बने संरक्षक
कैंब्रिज पब्लिक स्कूल में सुधा एजुकेशनल ट्रस्ट की बैठक आयोजित, समाजसेवी राजू तिर्की बने संरक्षक
कैंब्रिज को हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे, ताकि शिक्षा का यह अभियान और व्यापक एवं प्रभावी बन सके : राजू तिर्की
मेदिनीनगर। कैंब्रिज पब्लिक स्कूल, दुबियाखाड़ चौक परिसर में सुधा एजुकेशनल ट्रस्ट, डाल्टेनगंज (पलामू) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य ट्रस्ट की गतिविधियों को सुदृढ़ बनाना तथा समाजहित में किए जा रहे कार्यों को और प्रभावी रूप से आगे बढ़ाना था। इस अवसर पर ट्रस्ट के सभी पदाधिकारी, सदस्य एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के लोग उपस्थित रहे।
बैठक में सर्वसम्मति से समाजसेवी राजू तिर्की को ट्रस्ट का संरक्षक मनोनीत किया गया। इस प्रस्ताव को सभी सदस्यों ने समर्थन दिया, जिसके बाद श्री तिर्की ने इस जिम्मेदारी को सहर्ष स्वीकार कर लिया। संरक्षक बनाए जाने पर उन्होंने ट्रस्ट के प्रति आभार व्यक्त किया और संस्था के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में राजू तिर्की ने कहा कि कैंब्रिज पब्लिक स्कूल समाज के वंचित और कमजोर वर्ग के बच्चों को शिक्षा प्रदान कर एक सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि विद्यालय, ‘निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम’ के तहत हरिजन, आदिवासी तथा पिछड़े वर्ग के सैकड़ों बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराकर समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे इस संस्थान को हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे, ताकि शिक्षा का यह अभियान और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बन सके।
बैठक के दौरान ट्रस्ट के भविष्य की योजनाओं, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों को अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई। सदस्यों ने इस बात पर जोर दिया कि शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है, और इसके लिए सभी का सामूहिक प्रयास आवश्यक है।
कार्यक्रम का संचालन ट्रस्ट के सचिव सह विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य डॉ. एस.पी. दुबे ने कुशलतापूर्वक किया। उक्त अवसर पर विद्यालय प्राचार्य नंदकिशोर भारती ने सभी संरक्षकों को अंग वस्त्र से सम्मानित किया। अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने ट्रस्ट के उद्देश्यों को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। मौके पर संरक्षक रणधीर कुमार मेहता उर्फ रिंकू मेहता, सुधीर मेहता,मिथिलेश, राजेंद्र पाल, धीरज मेहता, संजय यादव, छोटू यादव, अरुण कुमार, राकेश तिवारी, सतीश कुमार सहित कई लोग उपस्थित थे।


