जयमाला स्टेज से शुरू हुआ विवाद बना जानलेवा, घायल युवक की रिम्स में मौत; बिना शादी लौट गई बारात

जयमाला स्टेज से शुरू हुआ विवाद बना जानलेवा, घायल युवक की रिम्स में मौत; बिना शादी लौट गई बारात

भरनो (गुमला) – भरनो प्रखंड के करंज थाना क्षेत्र अंतर्गत दतिया गांव में शादी समारोह के दौरान हुआ विवाद अब दुखद अंजाम तक पहुंच गया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए 24 वर्षीय संतोष सिंह की रांची स्थित रिम्स में इलाज के दौरान बीती रात मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार 3 मई को दतिया गांव निवासी फुलेद्र सिंह की बेटी की शादी थी। पालकोट प्रखंड के चैनपुर बुज्जीटोली गांव से अजय सिंह बारात लेकर दतिया पहुंचे थे। बारातियों का स्वागत किया गया और जयमाला की तैयारी के बीच स्टेज पर पहले से मौजूद दुल्हन पक्ष की कुछ युवतियों के पास दूल्हा पक्ष के कुछ युवक भी चढ़ गए। इस पर उन्हें नीचे उतरने को कहा गया, जिससे वे नाराज हो गए और कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़कर दोनों पक्षों के बीच झड़प में बदल गया। अभिभावकों और ग्रामीणों के हस्तक्षेप से मामला शांत कराया गया और रस्में आगे बढ़ाने की कोशिश की गई। इसी बीच, स्टेज से उतारे गए कुछ युवक गुस्से में संतोष सिंह को अकेला पाकर उसके साथ मारपीट करने लगे। मारपीट में संतोष के माथे पर गंभीर चोट लगी और वह वहीं गिर पड़ा।
परिजनों ने तत्काल संतोष सिंह को इलाज के लिए रिम्स रांची में भर्ती कराया। इधर विवाद बढ़ने के बाद दूल्हा पक्ष के लोग बिना शादी किए ही बारात वापस लेकर लौट गए। घटना की सूचना मिलते ही करंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी।
रिम्स में इलाजरत संतोष सिंह ने बीती रात दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद गांव में शोक के साथ आक्रोश भी व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।