महेशलुण्डी में निःशुल्क शिक्षा केंद्र का भव्य उद्घाटन, BDO ने बच्चों को दिए सफलता के मंत्र
महेशलुण्डी में स्थित निशुल्क शिक्षा केंद्र को नए सिरे से तैयार करने के बाद रविवार को उसका भव्य उदघाटन संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रखंड विकास पदाधिकारी रहे जिन्होंने फीता काटकर केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्थानीय मुखिया शिवनाथ साव और समाजसेवी अरुण राणा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उदघाटन के पश्चात प्रखंड विकास पदाधिकारी ने उपस्थित बच्चों से संवाद किया। उन्होंने छात्रों को परीक्षा में सफलता प्राप्त करने के महत्वपूर्ण गुर सिखाए और उन्हें पूरी लगन के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
वहीं मुखिया शिवनाथ साव ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए विश्वास दिलाया कि विद्यार्थियों की शिक्षा की राह में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि उनका निरंतर प्रयास रहेगा कि गाँव के बच्चे अच्छी शिक्षा प्राप्त कर समाज में बड़ा मुकाम हासिल करें और क्षेत्र का नाम रोशन करें।
इधर शिक्षा केंद्र के पुनः निर्माण से छात्र अत्यंत उत्साहित नजर आए और उन्होंने इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान केंद्र के संचालक सुमित साव के साथ शिक्षक अमरदीप सिंह, दीपक प्रजापति, अविवेक, निखिल,पंकज, सहित सभी शिक्षक मौजूद रहे। सभी शिक्षकों ने संकल्प लिया कि वे बच्चों के भविष्य को संवारने में अपना पूर्ण योगदान निस्वार्थ भाव से देंगे।

