पलामू में युवाओं को नवाचार का मंत्र देंगे युवा वैज्ञानिक गोपाल जी

पलामू में युवाओं को नवाचार का मंत्र देंगे युवा वैज्ञानिक गोपाल जी

सपनों को शोध की शक्ति और विज्ञान की सोच से मिलेगी नई उड़ान : अविनाश देव

पलामू। पलामू के कजरी स्थित संत मरियम स्कूल में आगामी 2 मई को युवाओं और विद्यार्थियों के लिए एक विशेष ज्ञानवर्धक संगोष्ठी ‘विज्ञान से प्रगति की ओर’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम विज्ञान, नवाचार, शोध और आधुनिक व्यवसाय के क्षेत्र में नई संभावनाओं को समझने का अवसर प्रदान करेगा। आयोजन को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह देखा जा रहा है।

इस विशेष संगोष्ठी के मुख्य वक्ता देश के युवा वैज्ञानिक और ‘बनाना बॉय’ के नाम से चर्चित गोपाल जी होंगे। वे विद्यार्थियों और युवाओं के साथ सीधा संवाद कर विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के महत्व पर विस्तार से चर्चा करेंगे। साथ ही अपने अनुभव साझा करते हुए बताएंगे कि कैसे नई सोच और प्रयोगधर्मिता के जरिए जीवन और समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

संत मरियम स्कूल के चेयरमैन अविनाश देव ने बताया कि यह संगोष्ठी केवल विज्ञान तक सीमित नहीं होगी, बल्कि इसमें शोध, उद्यमिता, आधुनिक व्यवसाय और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के लिए यह समझना आवश्यक है कि विज्ञान और नवाचार के माध्यम से न केवल अपना भविष्य संवारा जा सकता है, बल्कि समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम उन विद्यार्थियों और विज्ञान प्रेमियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा, जो अपने सपनों को नई दिशा देना चाहते हैं। गोपाल जी की सफलता की कहानी युवाओं को प्रेरणा देगी और उन्हें अपनी क्षमताओं को पहचानने का अवसर मिलेगा।

विद्यालय प्रबंधन ने जिले के सभी इच्छुक छात्र-छात्राओं, युवाओं और अभिभावकों से इस बौद्धिक संगोष्ठी में शामिल होने की अपील की है। कार्यक्रम 2 मई 2026, दिन शनिवार को शाम 5 बजे से संत मरियम स्कूल के परिसर में आयोजित होगा। आयोजकों का मानना है कि यह संगोष्ठी युवाओं के भीतर विज्ञान के प्रति रुचि और नई सोच को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगी।