जनता दरबार में सुनी गईं समस्याएं, डीडीसी स्मृति कुमारी ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश
गिरिडीह। जिले में सुशासन और जनहित को प्राथमिकता देते हुए उप विकास आयुक्त स्मृति कुमारी ने मंगलवार को जनता दरबार लगाकर आमजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों ने भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ, पेयजल संकट, आवास, पेंशन, राशन कार्ड व अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतें रखीं।
उपविकास आयुक्त ने प्रत्येक आवेदन को धैर्यपूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागों को त्वरित और पारदर्शी समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसमें कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। अधिकारियों को प्राथमिकता से शिकायत निपटाने और गंभीर मामलों में स्थल निरीक्षण के आदेश दिए।
उन्होंने जोर देकर कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना लक्ष्य है, इसलिए सभी विभाग समन्वय से कार्य करें। मौके पर जिला नजारत उप समाहर्ता आशुतोष ठाकुर समेत बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

