महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, मायके पक्ष ने ससुराल पर लगाए प्रताड़ना के आरोप

महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, मायके पक्ष ने ससुराल पर लगाए प्रताड़ना के आरोप
संवाददाता नीलांबर पीतांबरपुर

लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के लोहरा सांगबार गांव में एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान चिंता देवी (पति– आलोक मेहता) के रूप में हुई है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना बीती रात की है जिसकी जानकारी परिजनों को मंगलवार सुबह तब हुई जब चिंता देवी काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलीं। परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया। कमरे के भीतर महिला का शव पंखे से लटका मिला। इसके बाद परिजनों ने तत्काल ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही लेस्लीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

इधर, मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालवालों पर प्रताड़ना और मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बताया कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल है।