बंशीधर मंदिर के प्रधान पुजारी का निधन, सादगी और भक्ति के लिए थे प्रसिद्ध
ऐतिहासिक श्री राधा कृष्ण बंशीधर मंदिर के प्रधान पुजारी ब्रिज किशोर तिवारी (84 वर्ष) का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। उन्होंने बंशीधर सरेह टोला स्थित अपने आवास पर सुबह करीब 7:30 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ पड़ी।
परिजनों के अनुसार वे पिछले दो वर्षों से अस्वस्थ थे और कमजोरी व कम दिखाई देने की समस्या के कारण घर पर ही आराम कर रहे थे। शुक्रवार सुबह उन्हें बुखार हुआ, जिसके बाद अस्पताल ले जाने की तैयारी चल रही थी, तभी उनका निधन हो गया।
ब्रिज किशोर तिवारी ने अपने जीवन के पांच दशकों से अधिक समय श्री राधा कृष्ण बंशीधर मंदिर की सेवा में समर्पित कर दिए। वे न केवल एक पुजारी थे, बल्कि मंदिर की परंपरा, आस्था और अनुशासन के सच्चे संरक्षक भी रहे। उनके मार्गदर्शन में मंदिर में पूजा-पाठ की व्यवस्था सुदृढ़ हुई और धार्मिक कार्यक्रमों का विस्तार हुआ। उन्होंने अपनी सादगी, भक्ति और समर्पण से श्रद्धालुओं के बीच गहरी आस्था और सम्मान अर्जित किया।
बंशीधर सूर्य मंदिर ट्रस्ट के प्रधान ट्रस्टी राजेश प्रताप देव ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि बृजकिशोर तिवारी जी का निधन मंदिर परिवार और पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।

