“गिरिडीह में अवैध मसाला फैक्ट्री पर छापा, भारी मात्रा में सामग्री सीज”
गिरिडीह। मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा प्रशासन का अभियान जोरों पर है। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर आज खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार ने पुलिस लाइन स्थित श्याम ट्रेडर्स नामक अवैध मसाला कारखाने का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण में कई उल्लंघन पाए गए। कारखाना बिना फूड लाइसेंस के चल रहा था। पैकेज्ड खाद्य सामग्री पर बैच नंबर व एक्सपायरी डेट का अभाव था, जो मिसब्रांडेड श्रेणी में आती है। साथ ही, पैकेज पर उत्पादक का गलत नाम व पता दर्ज पाया गया।
मौके पर ही अधिकारी ने 200 किलो मैदा, 175 किलो सूजी और 85 किलो पैकेजिंग सामग्री सीज कर ली। कारखाना संचालकों को फूड लाइसेंस बनवाने, परिसर साफ रखने और फूड सेफ्टी ट्रेनिंग लेने का नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा सूजी व मैदा के सैंपल लेकर रासायनिक जांच के लिए लैब भेजा गया है।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

