पलामू में महिलाओं की सुरक्षा पर फोकस, SP कपिल चौधरी ने दिए कड़े आश्वासन

पलामू में महिलाओं /बच्चियों की सुरक्षा के लिए मुस्तैद रहेगी पलामू पुलिस
महिलाओं के हित के लिए काम करने वाली संस्था मातृत्व संघ पलामू की अध्यक्षा शर्मिला वर्मा और उपाध्यक्षा डॉक्टर अमितू सिंह ने आज पलामू एसपी कपिल चौधरी से मुलाकात की।पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत करने के बाद इन्होंने छ सूत्री ज्ञापन भी सौंपा जिसमें महिलाओं और बच्चियों की पूर्ण सुरक्षा, उनसे संबंधित मामलों पर त्वरित कार्रवाई, स्कूल कॉलेज के पास एवं प्रमुख चौक चौराहों पर सीसीटीवी कैमरा, पब्लिक ट्रांसपोर्ट में सीसीटीवी कैमरा लगाने एवं ड्राइवर की पहचान सत्यापित करने , महिला हेल्प लाइन नंबर का प्रचार-प्रसार करने जैसी मांगें अंकित हैं ।नवनियुक्त एसपी महोदय ने आश्वासन दिया कि पलामू में महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी और लंबित मामलों की शीघ्र सुनवाई होगी। साथ ही महिलाओं की शिकायतों पर गंभीरतापूर्वक संज्ञान लिया जाएगा ।पलामू पुलिस आमजनों को सुरक्षा एवं स्वच्छ वातावरण देने को सदैव तत्पर है। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी से मिलकर मातृत्व संघ की अध्यक्षा शर्मिला वर्मा ने संतोष जताया और एसपी महोदय का आभार व्यक्त किया। मातृत्व संघ से जुड़ी महिलाओं , सचिव फरहा नाज, ज्योति नवीन सिन्हा, प्रोफेसर स्वाति सहाय, मंजू चंद्रा, एडवोकेट वंदना कुमारी, सुषमा देवी, प्रिया, चंदा देवी, अनामिका सिंह, ललिता सहाय और *मातृत्व संघ की फाउंडर पूजा रत्नाकर ने उम्मीद जताई है कि नवनियुक्त एसपी कपिल चौधरी के कार्यकाल में महिलाओं को सुरक्षित वातावरण अवश्य मिलेगा।