बद्री नारायण साहा डीएवी पब्लिक स्कूल में बैसाखी पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

बद्री नारायण साहा डीएवी पब्लिक स्कूल में बैसाखी पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

सिरसिया स्थित बद्री नारायण साहा डीएवी पब्लिक स्कूल में बैसाखी पर्व बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना एवं स्वागत गीत से हुई। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने पंजाबी लोकनृत्य भांगड़ा एवं गिद्धा प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे बच्चों ने बैसाखी पर्व के महत्व को दर्शाते हुए आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
 विद्यालय की कक्षा नवीं की छात्रा अनाहद कौर ने बैसाखी पर्व के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व के बारे में जानकारी दी। उसने बताया कि यह पर्व फसल कटाई की खुशी का प्रतीक है और देश की समृद्ध कृषि संस्कृति को दर्शाता है। बाल वाटिका के विद्यार्थियों ने इस अवसर पर अनेक कलर एक्टिविटीज के माध्यम से बैसाखी के महत्व को दर्शाया।
विद्यालय के प्राचार्य सचिन गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे पर्व विद्यार्थियों में हमारी संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं। उन्होंने सभी को बैसाखी की शुभकामनाएं दीं और जीवन में परिश्रम एवं उत्साह बनाए रखने का संदेश दिया।