बरवाडीह में BJP का गांव-बस्ती चलो अभियान, ग्रामीणों को योजनाओं की दी जानकारी
बरवाडीह में भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को गांव – बस्ती चलो अभियान के तहत प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी दी और लोगों को उससे जुड़ने के लिए प्रेरित किया।उकामाड़ पंचायत के उकामाड़ एवं मुरू ग्राम में कार्यक्रम प्रभारी बद्रीनाथ सिंह व कैलाश सिंह की उपस्थिति में मुख्य अतिथि मंडल अध्यक्ष मनोज प्रसाद ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लक्ष्य लेकर कार्य किया जा रहा है। वहीं केचकी पंचायत में प्रभारी हरेराम सिंह व अतिथि जिला मंत्री ईश्वरी सिंह ने ग्रामीणों के बीच संवाद स्थापित कर योजनाओं के लाभ एवं उनकी प्रक्रिया को समझाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे हर घर तक पहुंचकर लोगों को जागरूक करें। मोरवाई पंचायत के सेदुप ग्राम में प्रभारी दीपक सिंह व अतिथि भाजयुमो उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बैठक कर ग्रामीणों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य गांव स्तर पर संगठन को मजबूत करना और लोगों को सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

