जनगणना 2027 के प्रथम चरण को लेकर तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न, त्रुटिरहित डेटा संग्रह पर जोर
गिरिडीह। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में डीआरडीए सभागार में आयोजित भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना – HLO) को लेकर फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का अंतिम दिन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए फील्ड ट्रेनर्स, पदाधिकारी एवं कर्मियों ने इसमें भाग लिया, जिसका मुख्य उद्देश्य जनगणना को त्रुटिरहित और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना है।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है, जो सरकारी योजनाओं व नीतियों का आधार बनती है। उन्होंने HLO चरण को गंभीरता से पूरा करने पर जोर दिया और फील्ड ट्रेनर्स को निर्देशित किया कि वे गणनाकर्मियों को डिजिटल उपकरणों व तकनीकी पहलुओं की पूर्ण जानकारी दें, ताकि सटीक आंकड़े एकत्र हो सकें। साथ ही, डेटा गोपनीयता व ग्रामीण-शहरी चुनौतियों के समाधान पर विशेष बल दिया।
उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने कहा कि यह प्रशिक्षण फील्ड ट्रेनर्स के लिए अत्यंत उपयोगी है, जो गणनाकर्मियों को प्रभावी प्रशिक्षण देंगे। उन्होंने सभी से समन्वय बनाकर जनगणना को समयबद्ध पूरा करने की अपील की। राज्य स्तर के मास्टर ट्रेनर श्री आकाश बाजपेई व जिला परियोजना पदाधिकारी श्री अमित कुमार ने मकान सूचीकरण प्रक्रिया, फॉर्म भरने की विधि, डेटा सत्यापन व रिपोर्टिंग पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया।
यह प्रशिक्षण जनगणना 2027 को मजबूत आधार प्रदान करेगा, जिससे जिले का विकास सुचारू रूप से हो सकेगा।

