मर्सी हॉस्पिटल की प्रथम वर्षगांठ पर स्वास्थ्य शिविर, 300 से अधिक मरीजों ने लिया लाभ
मर्सी हॉस्पिटल ने प्रथम वर्षगांठ पर लगाया स्वास्थ्य शिविर, 300 से अधिक मरीजों ने लिया लाभ
मर्सी हॉस्पिटल द्वारा अपने प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर रविवार को अस्पताल परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 300 से अधिक मरीजों ने विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श लिया।
शिविर के दौरान जनरल सर्जरी, हड्डी रोग, मेडिसिन, स्त्री रोग, बाल रोग, दंत रोग, त्वचा रोग, गुर्दा रोग एवं ईएनटी से संबंधित मरीजों की जांच एवं परामर्श किया गया। मरीजों को बेहतर इलाज की सलाह देने के साथ-साथ दवाइयों एवं जांच पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट भी दी गई।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, इस शिविर का उद्देश्य आम लोगों को एक ही स्थान पर सभी प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उन्हें समय पर उपचार के प्रति जागरूक करना है। शिविर में आए मरीजों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन से गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को काफी लाभ मिलता है।
इस शिविर में जनरल सर्जन डॉ. अनुज अनिल लड्डा, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. रोइश उद्दीन, फिजिशियन मो. शहज़ाद शेख, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. लीलावती पाडिगेला, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका अग्रवाल, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. विशाल शाहाबादी एवं डॉ. सौरभ जगनानी (सेवानिवृत्त), गुर्दा रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनील कुमार, जनरल फिजिशियन डॉ. आनंद कुमार, अल्ट्रासाउंड विशेषज्ञ डॉ. निकेश सिंह, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. फरहा आज़ाद, मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. अजय कुमार एवं ENT विशेषज्ञ डॉ. विवेक डोकानिया सहित विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं दीं।
मर्सी हॉस्पिटल के CEO डॉ. परम हंस मिश्रा ने बताया कि प्रथम वर्षगांठ के मौके पर इस तरह का आयोजन करना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी अस्पताल द्वारा इसी तरह के जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अस्पताल के निदेशकों ने कहा कि 300 से अधिक मरीजों की उपस्थिति यह दर्शाती है कि लोगों को इस प्रकार की स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि आगे भी समय-समय पर इस तरह के शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।
शिविर के सफल आयोजन में अस्पताल के डॉक्टरों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में अस्पताल प्रबंधन ने सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

