गिरिडीह में दिव्यांग सहायता शिविर, सैकड़ों लोगों को मिला लाभ

गिरिडीह। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) की कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) पहल के तहत जिला प्रशासन के सहयोग से जरूरतमंद एवं दिव्यांगजनों के बीच सहायता सामग्री का वितरण किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगों को आत्मनिर्भर बनाना, उनके दैनिक जीवन को सुगम करना तथा समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। बड़ी संख्या में लाभुकों की उपस्थिति रही।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा लाभुकों के बीच व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, वॉकर, बैसाखी, श्रवण यंत्र सहित अन्य उपकरण वितरित किए। कुल 973 उपकरण वितरित हुए, जिनमें ट्राइसाइकिल (बच्चों के लिए 06, वयस्कों के लिए 125), मोटराइज्ड व्हीलचेयर 24, व्हीलचेयर (SAATHI वयस्क 116, MAMTA बच्चे 08), क्रच (विभिन्न साइज 432), श्रवण यंत्र 84, आर्टिफिशियल लिम्ब्स 65 आदि शामिल हैं। इससे लाभुक अपने दैनिक कार्य आसानी से कर सकेंगे।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने संबोधन में कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न अंग हैं तथा उन्हें सशक्त बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने IOCL की पहल की सराहना की तथा कहा कि जिला प्रशासन भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करेगा। कोडरमा लोकसभा सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव ने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों की सहायता सबकी जिम्मेदारी है।
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी बिनोद सिंह ने बताया कि ऐसे प्रयासों से समावेशिता मजबूत होती है। IOCL प्रतिनिधियों ने कहा कि कंपनी शिक्षा, स्वास्थ्य, दिव्यांग कल्याण आदि क्षेत्रों में निरंतर कार्यरत है। लाभुकों ने उपकरण पाकर खुशी जताई तथा जिला प्रशासन व IOCL के प्रति आभार व्यक्त किया