केतार की छात्रा नील कुशुम ने गायन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया

केतार का नाम रोशन: 10+2परसोडीह की छात्रा नील कुशुम को गायन प्रतियोगिता में सम्मान
केतार (गढ़वा): केतार प्रखंड क्षेत्र के परसोडीह गांव की प्रतिभाशाली छात्रा नील कुशुम ने अपनी कला के दम पर प्रखंड ही नहीं, पूरे जिले का नाम रोशन किया है। उत्कृष्ट विद्यालय परसोडीह की छात्रा नील कुशुम ने जिला स्तरीय गायन एवं नृत्य प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन कर सभी का दिल जीत लिया।
इस प्रतियोगिता में गढ़वा जिले के कुल 16 विद्यालयों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें नील कुशुम ने अपनी सुरीली आवाज और शानदार प्रस्तुति से विशेष पहचान बनाई। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रभावित होकर जिला शिक्षक एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) गढ़वा के प्रतिनिधि रणधीर कुजुर ने उन्हें मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद नील कुशुम ने कहा कि अगर हौसला और मेहनत हो तो गांव से भी बड़ी मंजिल हासिल की जा सकती है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है।
वहीं नील कुशुम के पिता लव वर्मा, जो शिक्षा विभाग में आईसीटी शिक्षक हैं, ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं, बल्कि कई मामलों में उनसे आगे हैं। उन्होंने अपनी बेटी की सफलता का श्रेय उसकी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया।
नील कुशुम की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।