नगर पंचायत बासुकीनाथ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष-उपाध्यक्ष ने किया विधिवत पदभार ग्रहण

नगर पंचायत बासुकीनाथ की नवनिर्वाचित अध्यक्ष वीणा देवी एवं उपाध्यक्ष रोहित राउत ने गुरुवार को नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस दौरान कार्यपालक पदाधिकारी सारजेन मरांडी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों का स्वागत किया।

अध्यक्ष वीणा देवी ने पदभार ग्रहण करते ही समस्त नगर पंचायत वासियों का आभार जताते हुए कहा कि जनता जनार्दन के सहयोग एवं बाबा बासुकीनाथ के आशीर्वाद से चुनाव जीते हैं और सर्वप्रथम देव नगरी बासुकीनाथ में साफ सफाई की व्यवस्था को दुरुस्त किया जायेगा ताकि देश के कोने-कोने से आने वाले श्रद्धालु यहां से स्वच्छता का एक अच्छा संदेश लेकर वापस जाएं। नगर पंचायत के सभी बारह वार्ड में व्याप्त जन समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। साथ ही जनता से किए गए वादे को पूरा करने का हर संभव प्रयास करेंगी।

वहीं उपाध्यक्ष रोहित राउत ने कहा कि बासुकीनाथ के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाये जाएंगे और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। मौके पर नगर पंचायत कर्मियों सहित समाजसेवी निरंजन मंडल एवं दर्जनों समर्थक मौजूद रहे