“लातेहार में छात्रावास की बदहाल व्यवस्था पर युवा आजसू का विरोध, सुधार की मांग

लातेहार में युवा आजसू के जिला प्रभारी मुकेश यादव एवं नीरज यादव के नेतृत्व में छात्रावास की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
ज्ञापन के माध्यम से बताया गया कि छात्रावास में रह रही छात्राओं को कई गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। छात्रावास में भोजन की व्यवस्था बेहद खराब है, जहाँ छात्राओं को पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण खाना नहीं मिल पा रहा है। कई बार छात्राओं को अपने पैसे से सब्जी, चावल एवं अन्य जरूरी सामग्री खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ता है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
इसके साथ ही छात्रावास में सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह से लचर बनी हुई है। ना तो गार्ड की समुचित व्यवस्था है और ना ही वार्डेन द्वारा जिम्मेदारी का सही तरीके से निर्वहन किया जा रहा है। छात्राओं की सुरक्षा के साथ इस तरह का खिलवाड़ किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त योग्य नहीं है।
छात्रावास परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी काफी खराब है, जिससे छात्राओं के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। बुनियादी सुविधाओं का अभाव, पानी एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की कमी यह दर्शाता है कि प्रशासन इस मुद्दे को लेकर पूरी तरह उदासीन बना हुआ है।
युवा आजसू के जिला प्रभारी मुकेश यादव एवं नीरज यादव ने कहा कि यह स्थिति केवल छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा एवं सम्मान के साथ भी समझौता है। सरकार एक ओर खुद को आदिवासियों की हितैषी बताती है, वहीं दूसरी ओर आदिवासी छात्राओं को इस तरह की बदहाल स्थिति में जीने को मजबूर किया जा रहा है, जो पूरी तरह निंदनीय है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अविलंब छात्रावास की व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो युवा आजसू चरणबद्ध आंदोलन करने को बाध्य होगा। संगठन सड़कों पर उतरकर छात्राओं के हक और अधिकार की लड़ाई लड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन एवं सरकार की होगी।
अंत में प्रशासन से मांग की गई कि छात्रावास में बेहतर भोजन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, सुरक्षा के लिए गार्ड एवं जिम्मेदार वार्डेन की नियुक्ति की जाए, साफ-सफाई एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं को दुरुस्त किया जाए तथा सभी मूलभूत सुविधाओं को तत्काल प्रभाव से बहाल किया जाए।