गिरिडीह: ईद और रामनवमी को लेकर शांति समिति की बैठक
गिरिडीह: ईद और रामनवमी को लेकर शांति समिति की बैठक
गिरिडीह: आगामी ईद और रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर मुफस्सिल थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों,जनप्रतिनिधियों तथा दोनों समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान किसी भी सूरत में डीजे नहीं बजेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रशासन शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है और सभी संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी नजर रखी जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि त्योहार आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं तथा किसी भी तरह की समस्या होने पर तुरंत प्रशासन को सूचना दें। मौके पर उप महापौर सुमित कुमार, मिथुन चंद्रवंशी, उज्जवल साव आदि उपस्थित रहे।
बैठक में मौजूद लोगों ने भी प्रशासन को सहयोग करने का आश्वासन दिया और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने का संकल्प लिया।

