मेराल के माँ शायर देवी धाम में चैत्र नवरात्रि महोत्सव की धूम, 19 मार्च से भव्य आयोजन शुरू

मेराल प्रखंड मुख्यालय के प्रसिद्ध माँ शायर देवी धाम में चैत्र नवरात्रि में होने वाले मंदिर की वार्षिक महोत्सव एवं रामचरित्र मानस नवाह्न परायण महायज्ञ को लेकर तैयारी जोरों पर। देवी धाम संचालन समिति की बैठक सोमवार को आयोजित की गई, जिसमें महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। समिति के सदस्यों ने पूरे कार्यक्रम को भव्य एवं दिव्य बनाने का संकल्प लिया।इस संबंध में देवी धाम संचालन समिति के अध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि 19 मार्च की सुबह 8:00 बजे जनप्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं के साथ कलश, चुनरी और ध्वज वितरण कर भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जिसके साथ ही महोत्सव का शुभारंभ होगा। इसी दिन से श्री रामचरित्र मानस नवाह्न परायण महायज्ञ की शुरुआत भी होगी, जिसमें नौ दिनों तक श्री रामचरितमानस पाठ के साथ भक्ति, श्रद्धा और वेद मंत्रों की गूंज से पूरा वातावरण पवित्र हो उठेगा।

महोत्सव के दौरान 19 मार्च से 27 मार्च तक प्रतिदिन शाम में मेराल के महावीर मंडली बाजार टोला, आजाद नवयुवक संघ छः आना टोला एवं जय बजरंग पार्टी पुरवारा टोला के स्थानीय कलाकारों द्वारा भक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा जो श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद के साथ सराबोर करेंगे। उन्होंने कहा कि
27 मार्च को यज्ञ पूर्णाहुति के उपरांत दोपहर 3:00 बजे से भव्य महाभंडारा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद 28 मार्च की रात्रि 9:00 बजे से सुप्रसिद्ध भजन गायक आदिती राज एवं मोनू अलबेला द्वारा भव्य भक्ति जागरण कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा, जो महोत्सव का विशेष आकर्षण रहेगा।
बैठक में देवी धाम संचालन समिति के सचिव रवींद्र प्रसाद, कोषाध्यक्ष मनोज जायसवाल, उपाध्यक्ष रुपू महतो, संरक्षक संजय भगत, रामप्रीत ठाकुर, देव कुमार जायसवाल, अनुज प्रसाद जायसवाल, संजय मेहता, देवेंद्र शर्मा, लव कुश, संतोष मेहता संजय साव सहित कई लोग उपस्थित थे।