कार्तिक उरांव महाविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर तीन दिवसीय कार्यक्रम का भव्य समापन

कार्तिक उरांव महाविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर तीन दिवसीय कार्यक्रम का भव्य समापन

विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा, विजेताओं को अतिथियों ने किया सम्मानित
गुमला – गुमला स्थित कार्तिक उरांव महाविद्यालय में शनिवार 14 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम के तीसरे दिन का भव्य आयोजन महाविद्यालय के बहुउद्देशीय भवन में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना, महिला शिकायत निवारण कोषांग तथा आंतरिक सुरक्षा आश्वासन प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की सेवानिवृत्त प्राध्यापिका डॉ. शिमला कुमारी, विशिष्ट अतिथि जेनेविभा लकड़ा तथा महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीमा कुमारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. सीमा कुमारी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस तीन दिवसीय कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिला है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्रों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करते हैं।
मुख्य अतिथि डॉ. शिमला कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। उन्होंने कहा कि छात्राओं में प्रतिभा, क्षमता और कुशलता की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर और प्रोत्साहन देने की आवश्यकता है।
वहीं विशिष्ट अतिथि जेनेविभा लकड़ा ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
कार्यक्रम में बी.एन. जलान कॉलेज सिसई के प्राचार्य डॉ. अमिताभ भारती ने कहा कि समाज में महिलाओं के कर्तव्यों की चर्चा तो होती है, लेकिन उनके अधिकारों पर भी समान रूप से ध्यान दिया जाना चाहिए। इसके अलावा पूर्व प्रभारी प्राचार्य प्रो. ए. जे. खलखो तथा डॉ. बी. एन. मिश्रा ने भी महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
तीन दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। काव्य पाठ प्रतियोगिता में दीपिका कुमारी ने प्रथम, चांदनी कुमारी व मनाली कुमारी ने द्वितीय तथा अनिकेत उरांव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में काजल रानी प्रथम तथा निशा कुमारी द्वितीय स्थान पर रहीं।
कोलाज प्रतियोगिता में पल्लवी उरांव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रंगोली प्रतियोगिता में गायत्री कुमारी प्रथम, भगवती कुमारी द्वितीय तथा पुष्पा तिर्की तृतीय स्थान पर रहीं। भाषण प्रतियोगिता में खुशी कुमारी प्रथम, रेणु कुमारी द्वितीय तथा विनीत कुमार नायक तृतीय स्थान पर रहे। चित्रकला प्रतियोगिता में नकुल मुंडा प्रथम, राधिका कुमारी द्वितीय तथा ऋतिक रंजन तृतीय स्थान पर रहे।
सामूहिक लोकगीत प्रतियोगिता में खड़िया विभाग प्रथम, हिंदी विभाग (सेमेस्टर–3) द्वितीय तथा राजनीतिक विज्ञान विभाग तृतीय स्थान पर रहा। नाटक प्रतियोगिता में नागपुरी विभाग प्रथम तथा संस्कृत विभाग द्वितीय स्थान पर रहा। रचनात्मक नृत्य प्रतियोगिता में तन्वी प्रकाश (सी ग्रुप) प्रथम तथा बी.एड. विभाग द्वितीय स्थान पर रहा। सामूहिक लोक नृत्य प्रतियोगिता में राजनीतिक विज्ञान विभाग प्रथम, नागपुरी विभाग द्वितीय तथा कुरुख विभाग तृतीय स्थान पर रहा।
सभी विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं द्वारा लगाए गए फूड स्टॉल में तैयार स्वादिष्ट व्यंजनों का सभी ने आनंद लिया।
कार्यक्रम का मंच संचालन प्रो. नीलम (बी.एड. संकाय) ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. कंचन कुमारी ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी तथा सैकड़ों छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे।