फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को लेकर बैठक आयोजित
फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को लेकर बैठक आयोजित।
डुमरी (गुमला)।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरी में शुक्रवार को फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य छूटे हुए लोगों तक पुनः पहुंचकर उन्हें फाइलेरिया की दवा खिलाने तथा जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए रणनीति तैयार करना था। बैठक में उपस्थित जिला मलेरिया सलाहकार शर्मीला शर्मा ने सभी सहियाओं को फाइलेरिया से बचाव और उसके नियंत्रण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कहा कि फाइलेरिया एक गंभीर लेकिन पूरी तरह से रोके जाने योग्य बीमारी है। इसके लिए सरकार द्वारा समय-समय पर दवा वितरण अभियान चलाया जाता है। ऐसे में यह जरूरी है कि गांव के एक भी व्यक्ति को दवा से वंचित न रहने दिया जाए। उन्होंने ए एन एम व सहियाओं से कहा कि वे घर-घर जाकर लोगों को फाइलेरिया के प्रति जागरूक करें और सभी को निर्धारित मात्रा में दवा अवश्य खिलाएं। उन्होंने बताया कि कई बार जागरूकता की कमी या भ्रांतियों के कारण लोग दवा लेने से बचते हैं। ऐसे में सहियाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है। वे लोगों को दवा के फायदे और बीमारी से होने वाले नुकसान के बारे में समझाएं, ताकि गांव के अंतिम व्यक्ति तक यह अभियान सफलतापूर्वक पहुंच सके। आगे बताया कि यह अभियान 25 मार्च तक चलाया जाएगा। वहीं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अलबेल केरकेट्टा ने भी सहियाओं को संबोधित करते हुए कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को सफल बनाने के लिए सभी स्वास्थ्यकर्मियों को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा। छूटे हुए लोगों को चिन्हित कर उन्हें दवा खिलाने का यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिससे क्षेत्र को फाइलेरिया मुक्त बनाने के लक्ष्य को जल्द से जल्द प्राप्त किया जा सके। मौके पर स्वास्थ्य केंद्र के लेखापाल इंदु कुमारी, बीपीएम राजेश केरकेट्टा, एम पी डब्ल्यू अनूप कुमार, ओम प्रकाश मिस्त्री, सचित सलिल कुजूर सहित बड़ी संख्या में सहिया व ए एन एम उपस्थित थीं।


