गुमला में केंद्रीय महावीर मंडल समिति के कार्यालय का उद्घाटन, हनुमान चालीसा पाठ के साथ शुरू हुई रामनवमी की तैयारियां

गुमला में केंद्रीय महावीर मंडल समिति के कार्यालय का उद्घाटन, हनुमान चालीसा पाठ के साथ शुरू हुई रामनवमी की तैयारियां

गुमला -रामनवमी महापर्व की तैयारियों को लेकर गुमला में केंद्रीय महावीर मंडल समिति का कार्यालय गुरुवार को पुराना नगरपालिका परिसर में विधिवत रूप से खोला गया। कार्यालय का उद्घाटन समिति के पूर्व अध्यक्ष शशि प्रिया बंटी द्वारा किया गया।
उद्घाटन के अवसर पर पंडित सुशील पंडा के सान्निध्य में सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। इस दौरान श्रीराम और बजरंगबली के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस मौके पर केंद्रीय महावीर मंडल समिति के अध्यक्ष अजय सिंह राणा ने कहा कि रामनवमी के पावन पर्व को धूमधाम, हर्षोल्लास और पूरी तरह सुनियोजित एवं शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के उद्देश्य से कार्यालय की शुरुआत की गई है। उन्होंने बताया कि इस कार्यालय के माध्यम से जिले के विभिन्न अखाड़ों, क्लबों और समिति से जुड़े सदस्यों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी तथा आयोजन से जुड़ी तैयारियों का समन्वय किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि रामनवमी को लेकर शहर में भव्य शोभायात्रा, अखाड़ों के पारंपरिक प्रदर्शन और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
उद्घाटन कार्यक्रम में समिति के सचिव हरजीत सिंह, विकास सिंह, अरविंद मिश्रा, विपिन सिंह, मुकेश सिंह, दुर्गा गुप्ता, शिवम जायसवाल, संतोष सिंह, हरिहर कुमार, राजेश गुप्ता सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।