भरनो के समसेरा गांव में जंगली हाथी का आतंक एक ही घर को कई बार किया क्षतिग्रस्त,पीड़ित परिवार को अब तक नहीं मिला मुआवजा
भरनो के समसेरा गांव में जंगली हाथी का आतंक एक ही घर को कई बार किया क्षतिग्रस्त,पीड़ित परिवार को अब तक नहीं मिला मुआवजा।
भरनो (गुमला):- भरनो प्रखंड के उतरी भरनो पंचायत क्षेत्र अंतर्गत समसेरा गांव में जंगली हाथी का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है।बीते देर रात करीब ढाई बजे एक जंगली हाथी गांव में घुसकर परमिला उरांव पति भैरो उरांव के मिट्टी के घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।जानकारी के अनुसार हाथी ने परमिला उरांव के घर को निशाना बनाया और घर के दीवार व छप्पर में लगे एलबेस्ट्स को तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार के लोग किसी तरह घर से निकलकर अपनी जान बचाई।सूचना मिलने पर मुखिया मंजू देवी पीड़ित महिला के घर पहुंची और घटना के बारे में जानकी लेकर वन विभाग के उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।इधर ग्रामीणों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब जंगली हाथी ने परमिला उरांव के घर को नुकसान पहुंचाया है।इससे पहले भी हाथियों द्वारा तीन से चार बार उनके घर को क्षतिग्रस्त किया जा चुका है।बार-बार घर टूटने से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और उन्हें रहने की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है।पीड़ित परिवार का कहना है कि हर बार घटना के बाद वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को इसकी सूचना दी जाती है,लेकिन अब तक किसी भी प्रकार का मुआवजा नहीं मिला है। मुआवजा नहीं मिलने से परिवार काफी परेशान है और अस्थायी व्यवस्था में रहने को मजबूर है।इधर ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिया जाए तथा गांव में जंगली हाथियों के आतंक से बचाव के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई तो क्षेत्र के लोगों को लगातार जान-माल के नुकसान का खतरा बना रहेगा।

