करंज थाना पुलिस ने तिराडीह गांव में चलाया जागरूकता अभियान, बच्चा चोरी की अफवाह व सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ ग्रामीणों को किया जागरूक

करंज थाना पुलिस ने तिराडीह गांव में चलाया जागरूकता अभियान, बच्चा चोरी की अफवाह व सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ ग्रामीणों को किया जागरूक

भरनो (गुमला) – भरनो प्रखंड के करंज थाना क्षेत्र अंतर्गत तिराडीह गांव में गुरुवार को पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान करंज थाना प्रभारी करण टुडू ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर बच्चा चोरी की अफवाह सहित विभिन्न सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ लोगों को जागरूक किया।
बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी करण टुडू ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, विशेषकर बच्चा चोरी जैसी भ्रामक बातों पर बिना सत्यापन किए विश्वास नहीं करना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों को सचेत करते हुए कहा कि किसी व्यक्ति पर संदेह होने की स्थिति में कानून को अपने हाथ में लेना और मारपीट या हिंसक घटना को अंजाम देना पूरी तरह गैरकानूनी है। ऐसी स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने ग्रामीणों को डायन-बिसाही प्रथा, मानव तस्करी, साइबर अपराध, बाल विवाह, नशापान तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे अपराधों से भी सतर्क रहने की अपील की। साथ ही इलाके में अवैध रूप से अफीम की खेती पर रोक लगाने के लिए ग्रामीणों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियों की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।
थाना प्रभारी ने कहा कि समाज में आज भी कई प्रकार की कुरीतियां मौजूद हैं, जिन्हें खत्म करने के लिए सामूहिक जागरूकता आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा देने और सही मार्गदर्शन प्रदान करने की अपील की, ताकि एक जागरूक और सशक्त समाज का निर्माण हो सके।
इसके अलावा उन्होंने ग्रामीणों को आपातकालीन स्थिति में पुलिस सहायता प्राप्त करने के लिए डायल 112 सेवा की जानकारी दी और कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत इस नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
बैठक के अंत में ग्रामीणों ने समाज से अफवाहों और कुरीतियों को खत्म करने तथा गांव में शांति और भाईचारे का माहौल बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस मौके पर ग्राम प्रधान बुधराम पहान, एतवा उरांव, बिरसा उरांव, बुधवा उरांव सहित पहान, पुजार, वार्ड सदस्य, पुलिस कर्मी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।