BSF DIG के काफिले पर हमला, वाहन में लगाई आग; कई जवान घायल

शिलांग: मेघालय के गालों हिल्स क्षेत्र में जारी तनाव के बीच सुरक्षा बलों पर हमला होने की बड़ी घटना सामने आई है। बुधवार शाम कुछ लोगों की भीड़ ने बाॅर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) के उप महानिरीक्षक (DIG) के काफिले पर हमला कर दिया। हमलावरों ने काफिले में शामिल एक वाहन को आग के हवाले कर दिया, जबकि पथराव और झड़प में कई जवान घायल हो गए।

अधिकारियों के मुताबिक यह घटना उस समय हुई जब बीएसएफ के डीआईजी अन्य अधिकारियों के साथ तुरा कस्बे में भारत-बांग्लादेश सीमा से जुड़े सुरक्षा मुद्दों पर हुई बैठक से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में मौजूद कुछ लोगों ने अचानक काफिले को निशाना बनाते हुए हमला कर दिया।

हमले के दौरान डीआईजी और उनके साथ मौजूद कुछ अधिकारियों को हल्की चोटें आईं। काफिले का हिस्सा रही बीएसएफ की एक गाड़ी को भीड़ ने आग लगा दी, जिससे वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायल जवानों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दरअसल, भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा की जिम्मेदारी BSF के पास है। मेघालय का सीमा से जुड़ा क्षेत्र सुरक्षा की दृष्टि से बेहद संवेदनशील माना जाता है। करीब 4,096 किलोमीटर लंबी भारत-बांग्लादेश सीमा में से लगभग 443 किलोमीटर हिस्सा मेघालय से होकर गुजरता है।

बताया जा रहा है कि इलाके में तनाव की शुरुआत गारो हिल्स स्वायत्त जिला परिषद (GHADC) चुनाव को लेकर हुई। नामांकन दाखिल करने के मुद्दे पर गारो और गैर-गारो समुदाय के लोगों के बीच मंगलवार को हिंसक झड़प हो गई थी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी।

हिंसा के बाद प्रशासन ने हालात को काबू में रखने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। बुधवार को क्षेत्र के पांच जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गईं। इसके अलावा पश्चिम गारो हिल्स और पूर्वी गारो हिल्स जिलों में कर्फ्यू भी लागू कर दिया गया है।

बढ़ते तनाव को देखते हुए सरकार ने 10 अप्रैल को प्रस्तावित जीएचएडीसी चुनाव को फिलहाल स्थगित कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति सामान्य होने के बाद ही नई तारीख की घोषणा की जाएगी।