सोन पाइप लाइन से पलामू जिले के सूखे खेतों की प्यास बुझने की योजना में हुसैनाबाद की उपेक्षा
सोन पाइप लाइन से पलामू जिले के सूखे खेतों की प्यास बुझने की योजना में हुसैनाबाद की उपेक्षा
योजना से हुसैनाबाद का नाम हटाने की साजिश को किया जाएगा नाकाम: कमलेश
हुसैनाबाद,पलामू:
पलामू पूरे देश में ड्राई जोन माने जाने वाला इलाका है, प्रत्येक दूसरे वर्ष पलामू का इलाका सूखे का सामना करता है। पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह ने बताया कि यहां के खेतों की प्यास बुझाने के लिए सोन पाइप लाइन परियोजना से पानी पहुंचाने की योजना को स्वीकृति दिलाने में उन्होंने काफी प्रयास किया था। पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में विधानसभा में इस मामले को उठाया था, मुख्यमंत्री ने इसे गंभीरता से लेते हुए पहले चरण में छत्तरपुर और हुसैनाबाद के खेतों तक पानी पहुंचाने की घोषणा किया था। श्री सिंह ने कहा कि सोन पाइप लाइन परियोजना के तहत सोन नदी से पानी को निकाल कर जलाशय और नहर तक ले जाना है। पहले चरण में छतरपुर और हुसैनाबाद के इलाके में पानी देना है। छतरपुर और हुसैनाबाद के आधा दर्जन से अधिक जलाशयों को पानी उपलब्ध करवाने की योजना है। समुद्र तल से करीब 400 मीटर ऊपर पाइप लाइन को बिछाया जाएगा। पंपिंग स्कीम, पावर ग्रिड और अलग ट्रांसमिशन नेटवर्क से पानी को जलाशयों तक पहुंचाया जाना है। छतरपुर हुसैनाबाद के बतरे, बटाने, कारबार, लंगड़ी, हडही, जिंजोई, सिरनिया, कासीसोत समेत अन्य जलाशय में पानी उपलब्ध कराने की योजना पर ग्रहण लगता दिखाई दे रहा है। पानी पहुंचाने के लिए 1500 एमएम व्यास का टनल बनाया जाना है। इस परियोजना के तहत करीब दो लाख घरों तक भी पानी पहुंचाया जाएगा।
48 हजार हेक्टेयर खेतों तक पानी पहुंचाने का है लक्ष्य
सोन पाइपलाइन परियोजना के तहत पहले चरण में पलामू के 48 हजार हेक्टेयर खेतों तक सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध करवाया जाना है। यह इलाका छतरपुर और हुसैनाबाद का है। अभी इस इलाकों के मात्र 12 प्रतिशत खेतों तक सिंचाई की सुविधा उपलब्ध है। किसानों को सिंचाई के लिए बरसात के पानी पर ही निर्भर रहना पड़ता है। जबकि वर्ष में सिर्फ एक बार ही वे फसल लगाते हैं। पाइप लाइन परियोजना पूरा हो जाने के बाद किसान अपने खेतों में कई फसल लगा पाएंगे। पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया कि पहले चरण की परियोजना के पूरे होने के बाद दूसरे चरण में पाइप लाइन से पलामू के पाटन बिश्रामपुर और मेदिनीनगर का इलाका जोड़ा जाना था। मगर जनप्रतिनिधि की उदासीनता की वजह से इस योजना को बिल्कुल उलट दिया गया है। उन्होंने कहा कि सोन पाइप लाइन सिंचाई योजना से पहले चरण में हुसैनाबाद को पानी नहीं दिया गया तो भारतीय जनता पार्टी जोरदार आंदोलन करने को बाध्य होगी। पूर्व मंत्री श्री सिंह ने कहा कि वह इस मामले को लेकर विभागीय चीफ इंजीनियर से मिल कर प्रथम चरण में हुसैनाबाद को पानी उपलब्ध कराने की मांग करेंगे। अगर प्रथम चरण में हुसैनाबाद को पानी देने की व्यवस्था नहीं की गई तो जोरदार आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अन्य इलाकों को भी पानी मिलना चाहिए, मगर हुसैनाबाद क्षेत्र के पानी पर पहले हुसैनाबाद का अधिकार है। हर हाल में सरकार को हुसैनाबाद क्षेत्र को पानी देकर अन्यत्र ले जाने दिया जायेगा।

