गुमला के गिन्डरा गांव में श्री लक्ष्मी नारायण मानव कल्याण महायज्ञ, जल यात्रा के साथ भव्य शुरुआत
गिन्डरा गांव में श्री लक्ष्मी नारायण मानव कल्याण महायज्ञ का भव्य आयोजन, जल यात्रा के साथ शुरू हुआ अनुष्ठान
गुमला – गुमला प्रखंड के गिन्डरा गांव में विश्व शांति और मानव कल्याण के संकल्प के साथ श्री लक्ष्मी नारायण मानव कल्याण महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार की प्रातः 8:00 बजे जोलो नदी से जल यात्रा निकालकर महायज्ञ की विधिवत शुरुआत की गई, जिसके साथ ही अखंड कीर्तन और कथा का क्रम प्रारंभ हो गया।
इस महायज्ञ में वाराणसी, अयोध्या, मथुरा, वृंदावन, मैहर और प्रयागराज से आए विद्वान आचार्यों और ब्राह्मणों द्वारा वैदिक रीति-रिवाज के साथ यज्ञ कराया जा रहा है। वाराणसी के आचार्य अजय द्विवेदी के नेतृत्व में अन्य ब्राह्मणों द्वारा अग्नि प्रज्वलन के साथ वैदिक पूजा और आहुति का सिलसिला शुरू किया गया।
आयोजन के दौरान पूरे क्षेत्र में नौ दिनों तक महामंत्रों की गूंज सुनाई देगी। महायज्ञ का मुख्य आकर्षण 216 घंटे तक चलने वाला अखंड हरी कीर्तन है, जो बुधवार से प्रारंभ होकर समापन तक निरंतर चलता रहेगा। इस दौरान “हरे राम, हरे कृष्ण” महामंत्र का जाप लगातार किया जाएगा। साथ ही देश के विभिन्न हिस्सों से आए विद्वान ब्राह्मण वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अनुष्ठान संपन्न कराएंगे।
महायज्ञ को लेकर गांव और आसपास के क्षेत्रों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। पूरे इलाके में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है तथा ग्रामीण आपसी सद्भाव के साथ आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
इस महायज्ञ को सफल बनाने में मुख्य रूप से संतोष देवघरिया, हितेश्वर सिंह, संजय गोप, उदय प्रसाद, सूरत सिंह, रमेश सिंह, अमन साहू, अग्नि महतो, मनोज पाल सिंह और कर्म महतो सहित सैकड़ों श्रद्धालु दिन-रात सेवा दे रहे हैं।

