शादी से लौट रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराई, एक महिला की मौत, आधा दर्जन घायल
शादी से लौट रहे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी डिवाइडर से टकराई, एक महिला की मौत, आधा दर्जन लोग घायल
एनएच 39 पर मेराल थाना के बाना महुआ के समीप लगमा से शादी करा कर लौटते समय हुआ हादसा, घायलों को सीएचसी मेराल में प्राथमिक उपचार के बाद गढ़वा सदर अस्पताल रेफर किया गया।
मेराल थाना क्षेत्र अंतर्गत एन एच 39 पर बाना महुआ के समीप शनिवार को देर शाम में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क पर बने डिवाइडर से टकरा गई। जिसमें गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गाड़ी पर सवार एक अधेड़ महिला की मौके हो गई, जबकि आधा दर्जन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो सवार सभी लोग लगमा के प्रसिद्ध ब्रह्म स्थान मंदिर से रमुना थाना क्षेत्र के कोरगा के लोग शादी समारोह से लौट रहे थे। बाना महुआ के समीप चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे गाड़ी सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन करीब ऊपर छलांग लगाते हुए सड़क किनारे दूर जा गिरा जिससे गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में डालटेनगंज की अनीता देवी 50 वर्ष की मौत हो गई। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को मेराल सीएचसी में पहुंचाया गया ।जहां अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ दीपक कुमार सिन्हा ने बताया कि एक घायल की हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि अन्य को भी गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।




