बिना चालान पत्थर लोड हाईवा पकड़ा गया, छत्तरपुर बीडीओ ने की कार्रवाई
बिना चालान पत्थर लोड हाईवा पकड़ा गया, छत्तरपुर बीडीओ ने की कार्रवाई
छत्तरपुर (पलामू)। जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है। इसी क्रम में गुरुवार की शाम छत्तरपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) आशीष कुमार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना चालान के बोल्डर पत्थर लोड कर ले जा रहे एक हाईवा को पकड़ लिया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और अवैध खनिज परिवहन करने वालों में खलबली मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार छत्तरपुर नगर पंचायत क्षेत्र के फोरलेन स्थित एचपी पेट्रोल पंप (ऊं फ्यूल) के समीप शाम करीब साढ़े छह बजे बीडीओ आशीष कुमार क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान एक हाईवा तेज गति से बोल्डर पत्थर लोड कर वहां से गुजर रहा था। वाहन पर संदेह होने पर बीडीओ ने तत्काल गाड़ी को रुकवाया और चालक से पत्थर से संबंधित चालान तथा अन्य आवश्यक कागजात की मांग की।
लेकिन चालक प्रशासन को किसी प्रकार का वैध चालान या खनिज परिवहन से संबंधित दस्तावेज नहीं दिखा सका। पूछताछ के दौरान चालक स्पष्ट जानकारी देने से भी कतराता रहा, जिससे प्रशासन का संदेह और गहरा गया। इसके बाद बीडीओ ने तत्काल छत्तरपुर थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही छत्तरपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन चालक से पूछताछ करते हुए हाईवा को अपने कब्जे में ले लिया। बाद में पुलिस चालक और वाहन को लेकर थाना पहुंची, जहां आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई। बताया जा रहा है कि वाहन में लोड किए गए बोल्डर पत्थर के स्रोत और गंतव्य की भी जांच की जा रही है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार बिना वैध चालान और अनुमति के खनिज पदार्थों का परिवहन पूरी तरह अवैध है। ऐसे मामलों में खनन विभाग द्वारा जुर्माना और कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वाहन मालिक तथा पत्थर के स्रोत की जानकारी जुटाई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रूप से पत्थर और अन्य खनिजों का परिवहन किया जा रहा है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगेगी।
प्रशासन ने साफ किया है कि बिना वैध कागजात के खनिजों का परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी

