होली को लेकर बेंगाबाद थाना में शांति समिति की बैठक, प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश
बेंगाबाद। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से बेंगाबाद थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचल अधिकारी ने की। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न पंचायतों के मुखिया सहित गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील कुमार मुर्मु, प्रमुख मीना देवी, झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष नुनलाल किसको उर्फ टाइगर तथा थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे। अधिकारियों ने बैठक में उपस्थित लोगों से अपील की कि वे होली के दौरान आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखें।
बैठक में विशेष रूप से डीजे और लाउडस्पीकर की आवाज निर्धारित सीमा में रखने, जबरन रंग न लगाने, शराब सेवन कर हुड़दंग न करने तथा अफवाहों से दूर रहने की बात कही गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और गश्ती दल सक्रिय रहेगा।
अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी ने कहा कि होली खुशियों और प्रेम का त्योहार है, इसे शांति और भाईचारे के साथ मनाना सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के अंत में सभी ने मिलकर क्षेत्र में शांतिपूर्ण होली मनाने का संकल्प लिया।

