बेटी के हाथ पीले करने में ‘इनरव्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन’ बना सहारा: एक संघर्षशील मां के आंसुओं को पोंछकर चेहरे पर बिखेरी मुस्कान
बेटी के हाथ पीले करने में ‘इनरव्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन’ बना सहारा: एक संघर्षशील मां के आंसुओं को पोंछकर चेहरे पर बिखेरी मुस्कान
समाज में संवेदनशीलता और नारी शक्ति के आपसी सहयोग का एक भावुक उदाहरण पेश करते हुए इनरव्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन द्वारा रविवार को एक संघर्षशील महिला (स्वीपर) की मदद हेतु हाथ बढ़ाया गया। एक ‘सिंगल पैरेंट’ के रूप में समाज की गंदगी साफ कर अपनी आजीविका चलाने वाली इस मां के लिए अपनी लाडली बेटी का विवाह करना एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन क्लब की सदस्यों ने इस ममता भरे संघर्ष को समझा और खुशियों में सहभागी बनने का निर्णय लिया। बेटी की शादी के शुभ अवसर पर क्लब की ओर से एक बोरा चावल और विवाह का अन्य आवश्यक सामान भेंट किया गया, ताकि रस्मों और मेहमानों के सत्कार में कोई कमी न रहे। इस भावुक पल के दौरान मां की आँखें छलक आईं, क्योंकि एक महिला के संघर्ष को जब दूसरी महिलाओं का साथ मिलता है, तो बड़ी से बड़ी जिम्मेदारी भी आसान हो जाती है। क्लब की ओर से अध्यक्ष कविता राजगढ़िया, उपाध्यक्ष राखी झुनझुनवाला ने इस नेक कार्य में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और यह संदेश दिया कि बेटी के हाथ पीले करने की जिम्मेदारी में वे उस माँ के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी हैं।

