शादी से लौट रही युवती से सामूहिक दुष्कर्म, चार आरोपी गिरफ्तार; भेजे गए जेल

शादी से लौट रही युवती से सामूहिक दुष्कर्म, चार आरोपी गिरफ्तार; भेजे गए जेल

भरनो (गुमला)। भरनो थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव की युवती के साथ चार युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म की गंभीर घटना सामने आई है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता पड़ोसी गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गई थी। समारोह से लौटते समय आरोपित युवकों ने उसे घर छोड़ने का झांसा देकर अपनी बाइक पर बैठा लिया। आरोप है कि रास्ते में सुनसान स्थान पर ले जाकर चारों युवकों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।
किसी तरह पीड़िता अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर सोमवार को भरनो थाना पहुंचे, जहां आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भरनो थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार रात ही चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में समसेरा गांव निवासी राजकुमार उरांव (21), विष्णु गोप (19), बटकुरी गांव निवासी विकास उरांव (21) तथा रांची जिला के नारकोपी थाना क्षेत्र अंतर्गत मसीयातू गांव निवासी विकास मुंडा (22) शामिल हैं।
थाना प्रभारी कंचन प्रजापति ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है, ताकि साक्ष्य संकलन किया जा सके।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपितों को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए गुमला जेल भेज दिया गया है। प्रशासन ने पीड़िता को हरसंभव सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है, वहीं पुलिस ने मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

You may have missed