एम.के डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल की प्राचार्य का किया गया सम्मान
एम.के डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल की प्राचार्य का किया गया सम्मान।
माननीय सदस्य नीति आयोग भारत सरकार के कर कमलों से मिला सम्मान।
हिंदी ओलिंपियाड फाउंडेशन दिल्ली द्वारा अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड 2025 की परीक्षा एम.के डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल डालटेनगंज में दिनांक 10 अक्टूबर 2025 को राज्य कोड 20 परीक्षा केंद्र संख्या 95 के साथ तीसरी कक्षा से दसवीं कक्षा के छात्रों के बीच संपन्न हुई। जिसमें विद्यालय के कुल 225 छात्रों ने परीक्षा दी और इस अखिल भारतीय स्तर की परीक्षा में इस विद्यालय के कुल 26 छात्रों ने ( 6 स्वर्ण 8 रजत एवं 12 कांस्य ) पदक प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया, जिसके परिणाम स्वरूप इस संस्था ने विद्यालय को सम्मानित करते हुए उनके प्राचार्य को सम्मान प्राप्त करने हेतु आमंत्रित किया। यह सम्मान समारोह 22 फरवरी 2026 को दिल्ली के सी.डी देशमुख ऑडिटोरियम, इंडिया इंटरनेशनल सेंटर नई दिल्ली में आयोजित था। इसमें श्री कविंदर गुप्त जी (महामहिम उप राज्यपाल लद्दाख) की गरिमामयी उपस्थिति में डॉक्टर विजय कुमार सारस्वत (माननीय सदस्य नीति आयोग भारत सरकार) के कर कमलों द्वारा प्राचार्य महोदया श्रीमती इंद्राणी चटर्जी को सम्मानित किया गया ।
इस सम्मान को प्राप्त कर छात्रों की प्रतिभा से अभिभूत प्राचार्य महोदया ने अपना उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि डी.ए.वी के विद्यालयों में सभी विषयों पर समान ध्यान दिया जाता है । हिंदी,हिंदुस्तान की पहचान और गौरव है। विद्यालय के छात्रों का हिंदी में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन विद्यालय के लिए सुखद अनुभूति है। मैं इस सम्मान के लिए विद्यालय के छात्रों, अभिभावकों, हिंदी अध्यापकों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करती हूं।

