बच्चा चोर की अफवाह को रोकना बड़ी चुनौती, पलामू प्रमंडल में पुलिस ने बढ़ाई निगरानी

पलामू: बच्चा चोर की अफवाह और उसको लेकर मारपीट की घटना को रोकना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई है. बच्चा चोरी की अफवाह के कारण कई ग्रामीण हिंसा का शिकार हो रहे हैं. पलामू, गढ़वा और लातेहार के इलाके में बच्चा चोर की अफवाह भी फैल रही है. 16 फरवरी को लातेहार के बालूमाथ थाना क्षेत्र के सेरेगड़ा में एक युवक को ग्रामीणों ने बच्चा चोर समझकर जमकर पीट दिया था. मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की जान बचाई थी. कई इलाकों में बच्चा चोरी के आरोप में छिटपुट हिंसक घटना हो रही है.

बच्चा चोरी को लेकर पलामू रेंज में हाई अलर्ट जारी

इस अफवाह को देखते हुए पलामू, गढ़वा और लातेहार की इलाके में हाई अलर्ट जारी किया गया है. हालात को समझते हुए पलामू पुलिस ने पोस्टर भी तैयार किया है और लोगों के बीच वितरण किया है. सोशल मीडिया और विभिन्न सोशल नेटवर्किंग साइट के माध्यम से बच्चा चोरी की अफवाह फैल रही है. पलामू, गढ़वा और लातेहार में पुलिस ने थानेदारों का नंबर जारी किया है और लोगों से सूचना देने की अपील भी की है.