संत मरियम स्कूल में दो दिवसीय करियर मार्गदर्शन कार्यशाला का समापन
संत मरियम स्कूल में दो दिवसीय करियर मार्गदर्शन कार्यशाला का समापन
मेदिनीनगर।
संत मरियम स्कूल में शिक्षकों के कौशल संवर्धन एवं विद्यार्थियों के भविष्य को दिशा देने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय करियर मार्गदर्शन कार्यशाला का समापन हुआ। यह कार्यशाला शिक्षकों को आधुनिक समय की प्रतिस्पर्धात्मक चुनौतियों के अनुरूप तैयार करने तथा छात्रों को सही करियर परामर्श प्रदान करने के लक्ष्य से आयोजित की गई थी।
रिसोर्स पर्सन चिंशु सिंह एवं राजू यादव ने कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों की अभिरुचि एवं क्षमता पहचानने की तकनीक, विभिन्न करियर विकल्पों की विस्तृत जानकारी, नई शिक्षा नीति के अनुरूप मार्गदर्शन पद्धति तथा उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
शिक्षकों ने भी सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने अनुभव साझा किए और व्यवहारिक समस्याओं पर समाधान प्राप्त किए।
अपने संबोधन में चेयरमैन श्री अविनाश देव ने कहा कि शिक्षक यदि अद्यतन ज्ञान और समुचित मार्गदर्शन से सुसज्जित हों, तो वे विद्यार्थियों के जीवन की दिशा बदल सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएँ विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को नई ऊँचाइयों तक ले जाती हैं।
वहीं प्राचार्य श्री कुमार आदर्श ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन के हर क्षेत्र में सफल बनाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रशिक्षण के बाद शिक्षक विद्यार्थियों को और अधिक प्रभावी ढंग से करियर मार्गदर्शन दे सकेंगे।
समापन अवसर पर उप–प्राचार्य एस बी शाहा, समन्वयक अमरेंद्र कुमार, रोशन राज, रिजवाना प्रवीण, एकता सहाय सहित सभी शिक्षकों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक बताया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

