मॉडर्न पब्लिक स्कूल के छात्र सिद्धार्थ का चयन राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता के लिए

मॉडर्न पब्लिक स्कूल के छात्र सिद्धार्थ का चयन राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता के लिए

कोडरमा – झुमरी तिलैया स्थित मॉडर्न पब्लिक स्कूल के कक्षा नवमी के छात्र सिद्धार्थ कुमार का चयन झारखंड राज्य की ओर से 35वें सब-जूनियर नेशनल खो-खो चैंपियनशिप 2025-26 में भाग लेने के लिए हुआ है। यह चैंपियनशिप हरियाणा में 30 जनवरी से 4 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी।
सिद्धार्थ के चयन पर, केंद्रीय मंत्री महिला और बाल विकास विभाग सह कोडरमा की सांसद अन्नपूर्णा देवी ने उन्हें अपने आवास पर आमंत्रित किया और उनकी सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब हो कि सिद्धार्थ का चयन 19वीं झारखंड राज्य सब जूनियर खो-खो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर हुआ है।
सिद्धार्थ कुमार के चयन पर स्कूल के प्राचार्य गुरु चरण वर्मा ने कहा, “सिद्धार्थ की इस उपलब्धि पर हमें गर्व है। उसने अपनी मेहनत और समर्पण से झारखंड राज्य का नाम रोशन किया है। हमें विश्वास है कि वह राष्ट्रीय स्तर पर भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगा।”
वहीं स्कूल की निर्देशिका संगीता शर्मा ने कहा, “सिद्धार्थ की इस उपलब्धि पर हम बहुत खुश हैं। उसने अपनी प्रतिभा और मेहनत से यह साबित किया है कि कुछ भी असंभव नहीं है। हम उसे राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए प्रेरित करते हैं।”
सिद्धार्थ के राष्ट्रीय प्रतियोगिता के चयन पर पूरे विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है तथा सभी ने छात्र सिद्धार्थ और उसके कोच अमित कुमार को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।