महुआडांड़ के कोड़ी नाथधाम में मकर संक्रांति पर उमड़ा आस्था का सैलाब
सेवा, समर्पण और संस्कार का बना अनुपम संगम
महुआडांड़ प्रखंड अंतर्गत बेलटोली गांव स्थित प्रसिद्ध कोड़ीनाथ धाम में मकर संक्रांति का पावन पर्व इस वर्ष विशेष उत्साह, श्रद्धा और सामाजिक समरसता के साथ मनाया गया। आयोजन का सफल संचालन आर.पी.एस. सेवा संस्थान के तत्वावधान में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीण एवं समाजसेवी शामिल हुए।कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। इसके पश्चात भजन-कीर्तन की मधुर धुनों ने पूरे धाम को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया इस अवसर पर बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों ने नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मकर संक्रांति केआध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।कार्यक्रम की सबसे भावनात्मक और प्रेरणादायक झलक अनाथ आश्रम के सैकड़ों बच्चों की सहभागिता रही। बच्चों ने अनुशासन और आस्था का परिचय देते हुए लगभग 4 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर कोढ़ी धाम पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लिया, जिसने सभी का मन छू लिया।संस्थान के पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में मकर संक्रांति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज में एकता, सेवा, सहयोग और मानवीय मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया। इस दौरान प्रसाद वितरण का भी आयोजन किया गया, जिसमें हिंदू महासभा से जुड़े पदाधिकारियों एवं समाजसेवियों की सक्रिय भागीदारी रही।
आयोजन को सफल बनाने में इनका रहा विशेष योगदान
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में हिंदू महासभा अध्यक्ष मनोज जायसवाल, आर.पी.एस. सेवा संस्थान के अध्यक्ष कमलेश यादव, शालू बाबू, बीरेंद्र प्रसाद, राम जायसवाल, दीपक सोनी, अमित सिन्हा, हरी लाल गुप्ता, शिव शंकर प्रसाद, रामानुज शरण शाह, आचार्य अमित, सरवन यादव, जसवंत यादव, जितेंद्र यादव, अमित कुमार, उज्ज्वल धनुष, विवेक कुमार, गोपाल सोनी, मुकेश यादव, कंचन कुमारी सहित अन्य सहयोगियों ने आयोजन को सफल बनाने में सराहनीय योगदान दिया।कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं तथा अनाथ बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कोढ़ी धाम में आयोजित यह पर्व न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सेवा, संवेदना और सामाजिक एकजुटता का भी सशक्त संदेश देकर एक बेहतरीन और यादगार आयोजन के रूप में स्थापित हुआ।

