मनोज जायसवाल तीसरी बार महुआडांड हिंदू महासभा के अध्यक्ष निर्वाचित, सनातनी समाज में हर्ष की लहर
मनोज जायसवाल तीसरी बार महुआडांड हिंदू महासभा के अध्यक्ष निर्वाचित, सनातनी समाज में हर्ष की लहर
महुआडांड
स्थानीय हिंदू महासभा की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को महुआडांड में संपन्न हुई, जिसमें सर्वसम्मति से मनोज जायसवाल को लगातार तीसरी बार हिंदू महासभा का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। उनके पिछले दो कार्यकालों में संगठनात्मक मजबूती, धार्मिक गतिविधियों के सफल आयोजन एवं समाज को एकजुट रखने में निभाई गई सक्रिय भूमिका को देखते हुए सनातन समाज ने पुनः उन पर भरोसा जताया।
निर्विरोध हुआ चयन
बैठक में उपस्थित समाज के प्रबुद्ध नागरिकों, वरिष्ठ सदस्यों एवं युवाओं ने एक स्वर में कहा कि मनोज जायसवाल के नेतृत्व में हिंदू महासभा ने धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। इसी कारण इस बार अध्यक्ष पद के लिए उनके नाम पर किसी प्रकार की आपत्ति नहीं आई और उन्हें निर्विरोध तीसरी बार अध्यक्ष चुना गया।
बधाई देने वालों का लगा तांता
जैसे ही अध्यक्ष पद पर उनके चयन की आधिकारिक घोषणा हुई, पूरे महुआडांड क्षेत्र में सनातन समाज के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। उनके आवास एवं कार्यालय पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। समर्थकों ने फूल-मालाओं से लादकर एवं मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया।
समाज को और सशक्त करने का लिया संकल्प
अध्यक्ष चुने जाने के बाद मनोज जायसवाल ने सभी सनातन धर्मावलंबियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के साथ-साथ समाजहित के कार्यों को पूरी निष्ठा से आगे बढ़ाएंगे।
उन्होंने कहा कि “यह मेरी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि महुआडांड के समस्त सनातनी समाज के विश्वास की जीत है। हम सब मिलकर हिंदू समाज की एकता, संस्कृति और सेवा के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।”
सामाजिक समरसता का दिया संदेश
हिंदू महासभा के अध्यक्ष पद पर लगातार तीसरी बार चुने जाने के उपरांत नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने सामाजिक एकता का परिचय देते हुए हिंदू महासभा के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व कमेटी के पदाधिकारियों, नवनिर्वाचित अनुमंडल सांसद प्रतिनिधि, प्रखंड सांसद प्रतिनिधि, आरपीएस सेवा संस्थान के अध्यक्ष सहित विभिन्न समाजों के अध्यक्षों का माल्यार्पण कर स्वागत एवं सम्मान किया।
इस अवसर पर ब्राह्मण, क्षत्रिय, जायसवाल, तेली, रौनियार, यादव, सुड़ी, सोनी, हलवाई, बढ़ईक, उरांव, सरना, ठाकुर, केशरी, श्रीवास्तव, बैगा, पाहन सहित अन्य समाजों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से उन्होंने समाज में आपसी सौहार्द, समरसता एवं एकजुटता का संदेश दिया।


