बरवाडीह में पालतू गाय ने एक साथ दिए दो बछड़े, ग्रामीणों में खुशी

बरवाडीह प्रखंड क्षेत्र के पोखरी कलां गांव में एक अनोखी और खुशी देने वाली घटना सामने आई है। गांव निवासी अजमेर अंसारी की पालतू गाय ने मंगलवार की रात एक साथ दो बछड़ों को जन्म दिया। इस दुर्लभ घटना से पशुपालक परिवार में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
अजमेर अंसारी खेती-बाड़ी के साथ-साथ पशुपालन भी करते हैं। उन्होंने बताया कि देर रात गाय को प्रसव पीड़ा हुई, जिसके बाद सुरक्षित रूप से दो स्वस्थ बछड़ों का जन्म हुआ। दोनों बछड़े पूरी तरह स्वस्थ हैं और गाय भी सुरक्षित है। गांव में जैसे ही इस खबर की जानकारी फैली, आसपास के ग्रामीण बधाई देने पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि एक साथ दो बछड़ों का जन्म होना शुभ संकेत माना जाता है। पशुपालकों के अनुसार यह घटना कम ही देखने को मिलती है। इस मौके पर अजमेर अंसारी ने खुशी जताते हुए कहां कि यह उनके परिवार के लिए सौभाग्य की बात है और इससे उनका मनोबल और पशुपालन के प्रति उत्साह बढ़ा है।

बरवाडीह से रिपोर्ट अर्चना कुमारी