महुआडांड़ में प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला को लेकर जोरदार प्रचार-प्रसार

महुआडांड़ में प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला को लेकर जोरदार प्रचार-प्रसार

महुआडांड़ प्रखंड में आगामी प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला को लेकर व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जा रहा है।ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी पहुँचाने के उद्देश्य से यह अभियान पूरे प्रखंड में जोर-शोर से संचालित किया जा रहा है। यह स्वास्थ्य मेला 7 जनवरी 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, महुआडांड़ परिसर में आयोजित किया जाएगा।स्वास्थ्य मेले का मुख्य उद्देश्य आम जनता को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। मेले के दौरान सामान्य स्वास्थ्य जांच, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण संबंधी परामर्श, गैर-संचारी रोगों की जांच, आवश्यक दवाओं का नि:शुल्क वितरण तथा स्वास्थ्य विषयक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।स्वास्थ्य संबंधी किसी भी जानकारी अथवा सहायता के लिए आमजन 24×7 नि:शुल्क टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 104 पर संपर्क कर सकते हैं, जहां से उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन,
चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखण्डएवं झारखण्ड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।स्वास्थ्य मेला प्रखंड चिकित्सा प्रभारी अमित खलखो के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस मेले के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार एवं आयोजन की व्यवस्थाओं में स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत अनूप कुमार की भूमिका अत्यंत सराहनीय मानी जा रही है, जो लगातार गांवों में जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं।स्वास्थ्य मेले की जानकारी लोगों तक पहुँचाने के लिए वाहन के माध्यम से गांव-गांव में माइक अनाउंसमेंट के जरिए प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। प्रतिदिन दर्जनों गांवों में स्वास्थ्य जागरूकता वाहन पहुंचकर लोगों को मेले की तिथि, स्थान, समय एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दे रहा है, जिससे ग्रामीणों में स्वास्थ्य मेला को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य मेले ग्रामीण क्षेत्र के लिए बेहद लाभकारी साबित होते हैं और इससे जरूरतमंद लोगों को समय पर उपचार एवं परामर्श मिल पाता है। लोगों ने इसे जनहित में एक महत्वपूर्ण, उपयोगी और सराहनीय कदम बताया है।