महुआडांड़ में 7 जनवरी को प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला, 28 प्रकार की जांच व दवाएं पूरी तरह नि:शुल्क

महुआडांड़ में 7 जनवरी को प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला, 28 प्रकार की जांच व दवाएं पूरी तरह नि:शुल्क

महुआडांड़ (लातेहार) जिले के सदर अस्पताल परिसर स्थित सिविल सर्जन कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सिविल सर्जन डॉ. राजमोहन खालको ने प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला को लेकर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आमजनों को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न प्रखंडों में स्वास्थ्य मेला आयोजित किया जा रहा है।इसी क्रम में महुआडांड़ प्रखंड में 7 जनवरी को प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया जाएगा। इस स्वास्थ्य मेला में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा कुल 28 प्रकार की जांच एवं परामर्श नि:शुल्क प्रदान किए जाएंगे। मेले में सामान्य रोगों की जांच, बाल स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, मोतियाबिंद जांच, आंखों की जांच, टीबी जांच सहित कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।स्वास्थ्य मेला के दौरान मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ-साथ आवश्यक दवाएं भी पूरी तरह नि:शुल्क दी जाएंगी। प्रेस वार्ता में उपस्थित एसीएमओ डॉ. शोभना टोप्पो ने बताया कि इस बार स्वास्थ्य मेला में आई स्कैनिंग एवं टीबी जांच पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान कर मरीजों का समुचित इलाज सुनिश्चित किया जा सके स्वास्थ्य विभाग ने महुआडांड़ प्रखंड के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में स्वास्थ्य मेला में पहुंचकर इस नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवा का लाभ उठाएं और अपने व अपने परिवार के स्वास्थ्य की जांच अवश्य कराएं।