यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल नौडीहा में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन
भंडरा/लोहरदगा:, यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल, नौडीहा भंडरा में आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का समापन समारोह हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कई दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में विद्यालय के विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत दौड़, लंबी कूद, ऊँची कूद, खो-खो, कबड्डी, बैडमिंटन सहित अन्य इनडोर एवं आउटडोर खेलों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों में खेल भावना, अनुशासन एवं टीमवर्क की झलक स्पष्ट रूप से देखने को मिली।समापन समारोह के अवसर पर विद्यालय के निदेशक बैद्यनाथ कुमार पांडेय, प्रधानाचार्य एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को मेडल, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर निदेशक ने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिससे शारीरिक सुदृढ़ता के साथ-साथ मानसिक विकास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है।
उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलों को जीवन में शामिल करना आवश्यक है, क्योंकि इससे बच्चों मेंआत्मविश्वास, अनुशासन एवं सहयोग की भावना उत्पन्न होती है। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने भी बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की और विद्यालय द्वारा आयोजित इस प्रकार के आयोजनों को अत्यंत सराहनीय बताया।समापन समारोह का संचालन विद्यालय के शिक्षकों द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं का सराहनीय योगदान रहा।

