केतार प्रखंड में Jio 5G सेवा ठप, उपभोक्ताओं में बढ़ा आक्रोश
केतार प्रखंड क्षेत्र में जियो 5जी सेवा ठप, उपभोक्ताओं में बढ़ा आक्रोश
केतार (गढ़वा)। केतार प्रखंड क्षेत्र में जियो कंपनी द्वारा 5जी नेटवर्क लगाए जाने के बावजूद सेवा बेहद खराब बनी हुई है। स्थिति यह है कि केतार बाजार को छोड़कर प्रखंड के किसी भी पंचायत व गांव में जियो 5जी नेटवर्क काम नहीं कर रहा है। यहां तक कि केतार प्रखंड कार्यालय परिसर में भी जियो 5जी की सेवा पूरी तरह ठप रहती है।
ग्रामीणों ने बताया कि केतार प्रखंड में कुल सात पंचायतें हैं, लेकिन किसी भी पंचायत में जियो 5जी नेटवर्क पकड़ में नहीं आता। लोग महंगे रिचार्ज करने के बाद भी नेटवर्क के लिए जूझ रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि जियो की सर्विस दिनों-दिन बदतर होती जा रही है।
ग्राहकों का कहना है कि 5जी फोन का रिचार्ज महंगा है, लेकिन नेटवर्क की गुणवत्ता शून्य के बराबर है। कई उपभोक्ताओं ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सिर्फ बातचीत किसी तरह हो पाती है, इंटरनेट की स्पीड बिल्कुल नहीं मिलती। ऐसी स्थिति रही तो लोग मजबूरन एयरटेल या अन्य नेटवर्क में पोर्ट करने को विवश हो जाएंगे।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि रिचार्ज खत्म होते ही जियो कस्टमर केयर से लगातार फोन आता है कि रिचार्ज करा लीजिए, जबकि नेटवर्क की गुणवत्ता पर कंपनी कोई ध्यान नहीं दे रही है।
ग्रामीणों ने जियो कंपनी से जल्द से जल्द केतार प्रखंड क्षेत्र में टॉवर अपग्रेड कर 5जी सेवा सुचारू करने की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर नेटवर्क सुविधा मिल सके।

