सलगाडीह में पेयजल संकट गंभीर, राजेश यादव ने विभाग को दिया अल्टीमेटम

मधवाडीह पंचायत के सलगाडीह टोला में पेयजल संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है। सरकार की घर-घर नल जल योजना का लाभ यहां के गरीब परिवारों तक नहीं पहुंच पाया है। स्थिति यह है कि लोगों को बुनियादी सुविधा समझे जाने वाले पानी के लिए रोजाना जद्दोजहद करनी पड़ रही है।

पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं फारवर्ड ब्लॉक के जिला संयोजक राजेश यादव ने मंगलवार को क्षेत्र का दौरा कर पीड़ित ग्रामीणों से बातचीत की। ग्रामीणों ने बताया कि जलापूर्ति टंकी बनने के बावजूद यहां एक बार भी नियमित पानी नहीं आया। इसके अलावा गांव के तीन चापानल भी महीनों से खराब पड़े हैं, जिससे लोग बारिश या कुएं के गंदे पानी पर निर्भर होने को मजबूर हैं।

राजेश यादव ने पीएचईडी विभाग के एसडीओ को फोन पर तत्काल जानकारी देते हुए समाधान की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द सुधार नहीं हुआ तो विभागीय कार्यालय के समक्ष आंदोलन किया जाएगा।

इस दौरान कई ग्रामीणों ने अपनी समस्या रखते हुए सरकार और विभाग से शीघ्र व्यवस्था बहाल करने की गुहार लगाई।