पलामू : बकोरिया में ‘आपके अधिकार – साथ-सेवा’ शिविर में उमड़ा जनसैलाब, एक ही दिन में 100+ आवेदनों का मौके पर निपटारा

बनारसी सतबरवा (पलामू)

सतबरवा प्रखंड के बकोरिया पंचायत में शुक्रवार को आयोजित ‘आपके अधिकार – साथ-सेवा’ मेगा शिविर में ग्रामीओं की भारी भीड़ उमड़ी। एक छत के नीचे पेंशन स्वीकृति, जाति-आय-निवास प्रमाणपत्र, राशन कार्ड में नाम जोड़ना, श्रमिक पंजीयन, विधवा/वृद्ध/विकलांग पेंशन, आयुष्मान कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड सहित दर्जनों सरकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही दे दिया गया। शिविर में करीब डेढ़ सौ से अधिक आवेदनों का निष्पादन तुरंत कर दिया गया।
शिविर का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की, विधायक प्रतिनिधि प्रमोद यादव, मुखिया संतोष उरांव, पंचायत समिति सदस्य प्रेमचंद उरांव, पिंटू अंसलम, अरुण कुमार साहू, नाजिम रजा, कुंदन पांडेय, रीना देवी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
पंचायत सचिव पुष्पा कुमारी ने बताया कि सबसे ज्यादा आवेदन बकोरिया, रब्दा, खुटवा, बोहिता, बावडीह, पंजी एवं खैराटांडी पंचायतों के थे। बीडीओ कृष्ण मुरारी तिर्की ने कहा, “शिविर का मकसद यही था कि लोगों को बार-बार चक्कर न काटने पड़ें। 100 से ज्यादा मामले आज ही निपटा दिए गए हैं, बाकी जिनका आज समाधान नहीं हो सका, उन्हें सात दिन के अंदर अनिवार्य रूप से निबटाने का निर्देश दिया गया है।”
शिविर में विधायक प्रतिनिधि प्रमोद यादव, पंचायत समिति सदस्य प्रेमचंद उरांव, पूर्व मुखिया समता देवी, महिला समूह की ललिता देवी, रेनू कुमारी, रीना देवी, नीति पाठक, नीतू मिश्रा, सुरेश चेरो, अजय लोहरा के अलावा सैकड़ों महिला-पुरुष ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों में खुशी की लहर थी। बकोरिया की बुजुर्ग महिला फुलवा देवी ने कहा, “तीन साल से विधवा पेंशन के लिए भटक रही थी, आज एक घंटे में स्वीकृति मिल गई।” इसी तरह रब्दा के रामेश्वर उरांव ने बताया कि उनका राशन कार्ड में नाम आज ही जुड़ गया। लोगों ने इसे प्रखंड का अब तक का सबसे सफल एवं उपयोगी साथ-सेवा शिविर बताया और प्रशासन के साथ-साथ सभी जनप्रतिनिधियों को दिल से धन्यवाद दिया।