“मानवता की मिसाल: समर्पण एक नेक पहल ने बचाई 72 वर्षीय मरीज की जान”

समर्पण एक नेक पहल संस्था की तत्परता से गंभीर मरीज को मिला रक्त, परिजनों ने जताया आभार

धनबाद। सामाजिक संस्था समर्पण एक नेक पहल ने एक बार फिर मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। नमोधरि हॉस्पिटल ई.आर.सी., धनबाद में भर्ती मरीज बेला डे, उम्र 72 वर्ष, निवासी धनबाद, को उपचार के दौरान चिकित्सकों द्वारा O Negative ग्रुप के रक्त की आपातकालीन आवश्यकता पड़ी। मरीज की स्थिति गंभीर होने के कारण तुरंत रक्त उपलब्ध कराना आवश्यक था।

चिकित्सीय निदान में मरीज को Right Shoulder Surgery हेतु रक्त की जरूरत बताई गई थी। डॉक्टरों ने एक यूनिट Whole Blood एवं एक यूनिट Packed Cell की मांग की थी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने तत्काल समर्पण एक नेक पहल से संपर्क किया। संस्था के संस्थापक सह केंद्रीय अध्यक्ष दीपेश चौहान तथा सक्रिय सदस्यों की टीम ने तुरंत प्रयास कर आवश्यक रक्त उपलब्ध कराया और बदले में रक्त दाता अमित कुमार मित्रा ने अपना ए पॉजिटिव रक्त दान किया, जिससे मरीज का उपचार बिना किसी बाधा के जारी रह सका।

परिजनों ने संस्था का धन्यवाद देते हुए कहा कि—
“यदि संस्था समय पर मदद नहीं करती, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। समर्पण एक नेक पहल वास्तव में मानवता की सच्ची सेवा कर रही है।”

संस्था के संस्थापक दीपेश चौहान ने बताया कि—
“O Negative एक दुर्लभ रक्त समूह है, लेकिन हमारी टीम हमेशा हर संभव सहायता के लिए तैयार रहती है। मानव सेवा ही हमारा पहला धर्म है।”

समर्पण एक नेक पहल ने जिले के लोगों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर समाज की जीवनरक्षा की इस महान मुहिम में शामिल हों।